कॉलेज की गवर्निंग बॉडी में खलीलुर की एंट्री, अटकलें तेज
भाजपा से दूरी, राज्य नेतृत्व से करीबी के बीच नियुक्ति चर्चा में
171 कॉलेजों की नई सूची में जंगीपुर सांसद का नाम
प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्षों की नई सूची सामने आते ही सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गयी है। मुर्शिदाबाद के नूर मोहम्मद स्मृति महाविद्यालय की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष के तौर पर जंगीपुर के सांसद खलीलुर रहमान का नाम सामने आया है।
खास बात यह है कि 171 कॉलेजों की सूची में कई भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गयी है। ऐसे में खलीलुर की नियुक्ति के राजनीतिक मायने तलाशे जा रहे हैं।इससे पहले अगस्त में 247 सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों की सूची जारी हुई थी, जिसमें भी बड़ी संख्या में भाजपा के जनप्रतिनिधियों के नाम थे। ऐसे में अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद के इस प्रमुख कॉलेज में खलीलुर को जिम्मेदारी चर्चा का विषय बन गयी है।
खलीलुर और अबु ताहेर खान एनसीपीआई के दो बागी सांसद हैं। केंद्र में भाजपा से दूरी के बावजूद राज्य भाजपा नेताओं के साथ उनके संपर्क की चर्चा होती रही है। प्रधानमंत्री के साथ ब्रेकफास्ट, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात और मंत्री दिलीप घोष के साथ राखी कार्यक्रम जैसे प्रसंग पहले भी चर्चा में रहे हैं। हाल में कूचबिहार के सांसद जगदीश बसुनिया ने भी दोनों सांसदों का उल्लेख किया था। अब खलीलुर की सरकारी नियुक्ति ने सियासी अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि, इस संबंध में खलीलुर की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

