बारिश के बाद कोलकाता की सड़कों पर गड्ढों का जाल

कई इलाकों में थमी ट्रैफिक की रफ्तार
Kolkata
सड़कों पर गड्ढों का जाल
Published on

कोलकाता : लगातार हो रही बारिश ने कोलकाता की सड़कों की हालत खराब कर दी है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने के साथ बड़े-बड़े गड्ढे और दरारें उभर आई हैं। इसका सीधा असर यातायात पर पड़ा है।

कई इलाकों में वाहनों की रफ्तार धीमी होने से पीक आवर में लंबा जाम लग रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

प्रमुख सड़कों पर बढ़ी परेशानी

ईएम बाइपास, पार्क सर्कस कनेक्टर, सीजीआर रोड, डायमंड हार्बर रोड, चित्तरंजन एवेन्यू, एपीसी रॉय रोड, एजेसी बोस रोड, गड़ियाहाट रोड और एनएससी बोस रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित है।

कसबा से साइंस सिटी के बीच भी वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है। ईएम बाइपास के पंचन्नाग्राम से साइंस सिटी के बीच कुछ हिस्सों में गड्ढों के कारण यातायात एक लेन तक सीमित होने की स्थिति बन रही है।

बारिश ने रोका सड़क मरम्मत का काम

तारातला से माजेरहाट और मोमिनपुर से एकबालपुर तक भी वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। दक्षिण और पश्चिम कोलकाता के बीरेन रॉय रोड, मोतीलाल गुप्ता रोड, कस्तोडांगा रोड और एमजी रोड के कुछ हिस्सों में भी सड़कें बदहाल हैं।

बंदरगाह क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों और जलजमाव से ट्रांसपोर्ट डिपो रोड और तारातला रोड समेत कई हिस्से प्रभावित हुए हैं। लालबाजार की ओर से मरम्मत की जरूरत वाली सड़कों की सूची केएमसी को भेजी गई है। केएमसी के सड़क विभाग ने मरम्मत अभियान शुरू भी किया था, लेकिन लगातार बारिश के कारण काम रोकना पड़ा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in