

कोलकाता : महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी तथा महिला पुलिस कर्मियों को अलग पहचान देने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस ने अपनी महिला पेट्रोलिंग स्क्वॉड के लिए नई यूनिफॉर्म पेश की है।
नई ड्रेस को अधिक आरामदायक, हल्की और ड्यूटी के अनुकूल बनाया गया है, ताकि महिला पुलिस कर्मी लंबे समय तक गश्त के दौरान आसानी से काम कर सकें।
नई ड्रेस के तहत महिला पुलिसकर्मी अपनी नियमित सफेद पुलिस वर्दी के ऊपर विशेष हल्का वेस्टकोट (एप्रन) पहनेंगी। इसका मुख्य रंग गुलाबी रखा गया है, जबकि कॉलर, किनारे और बटन नारंगी रंग के हैं।
वेस्टकोट में दोनों ओर जेबों के साथ अतिरिक्त अंदरूनी पॉकेट भी दिए गए हैं, जिससे वायरलेस सेट, मोबाइल फोन और अन्य आवश्यक सामान रखने में सुविधा होगी।
कोलकाता पुलिस का कहना है कि नई यूनिफॉर्म का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों की मैदान में स्पष्ट पहचान बनाना, उनकी कार्यकुशलता बढ़ाना और महिलाओं से जुड़े मामलों में लोगों का भरोसा मजबूत करना है।
यह पहल पुलिस बल के आधुनिकीकरण और महिला अधिकारियों की बढ़ती भूमिका को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।