

कोलकाता : कोलकाता पुलिस अब शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करेगी। लालबाजार ने 50 नये कॉन्टैक्टलेस ब्रीथ अल्कोहल एनालाइजर खरीदने के लिए सोमवार को टेंडर जारी किया है। ये हाई-टेक डिवाइस पुलिसकर्मियों को संदिग्ध चालक से 5 मीटर की दूरी से शराब की जांच करने की सुविधा देंगे। इस परियोजना के लिए 22.50 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है और इन उपकरणों की आपूर्ति साल के अंत तक ट्रैफिक गार्डों को होने की उम्मीद है।
जांच के बाद तुरंत प्रिंट होगा चालान
इन नये ब्रीथ एनालाइजरों की सबसे खास बात यह है कि इसमें चालक को डिवाइस में फूंकने की जरूरत नहीं होगी। डिवाइस में लगा इलेक्ट्रोकेमिकल/फ्यूल सेल सेंसर चालक के मुंह के पास ले जाने पर ही शराब की मौजूदगी को पहचान लेगा। यदि शराब की मात्रा निर्धारित स्तर से अधिक पाई जाती है, तो डिवाइस वाइब्रेशन कर चेतावनी देगा। हर टेस्ट में अधिकतम पांच सेकंड का समय लगेगा। इसके साथ ही यह डिवाइस एक इनबिल्ट कैमरा और प्रिंटर के साथ आएगा, जिससे जांच का रिकॉर्ड तुरंत प्रिंट किया जा सकेगा। इतना ही नहीं, यह एक ट्रैफिक बैटन की तरह भी काम करेगा, जिसमें एलईडी लाइट्स लगी होंगी। डिवाइस की बैटरी क्षमता इतनी होगी कि वह लगातार आठ घंटे तक काम कर सके। यह -5 डिग्री से +45 डिग्री सेल्सियस के तापमान में भी काम करने में सक्षम होगा और 80 एमजी/100एमएल बीएसी (ब्लड अल्कोहल कंटेंट) तक की रीडिंग ले सकेगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल हर ट्रैफिक गार्ड के पास दो चेकिंग पॉइंट तक की ही क्षमता है, लेकिन इन नये उपकरणों की मदद से हर ट्रैफिक गार्ड के पास चार डिवाइस होंगे, जिससे एक साथ कई चेकिंग पॉइंट्स लगाए जा सकेंगे। वर्तमान में प्रत्येक ट्रैफिक गार्ड रात में अधिकतम दो चेकिंग पॉइंट्स ही स्थापित कर पाता है। नए डिवाइसों की उपलब्धता से प्रत्येक ट्रैफिक गार्ड के पास चार उपकरण होंगे, जिससे एक साथ कई स्थानों पर जांच संभव होगी।
सड़क सुरक्षा में होगा सुधार
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ये हाई-टेक ब्रीथ एनालाइजर सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये उपकरण न केवल ट्रैफिक नियमों को लागू करने में मदद करेंगे, बल्कि पुलिस को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।