

कोलकाता : दुर्गापूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने प्रमुख पूजा केंद्रों में वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के साथ पैदल चलने वालों की सुरक्षा और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने पर जोर दिया है।
ट्रैफिक पुलिस ने थाना प्रभारियों और सार्जेंटों को पूजा पंडालों का निरीक्षण करने तथा आयोजकों के साथ सीधे समन्वय स्थापित करने को कहा है। अधिकारियों को पंडालों की संरचना, प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग तथा आपातकालीन वाहनों के लिए उपलब्ध रास्तों की जांच करनी होगी।
प्रमुख पूजा केंद्रों पर विशेष निगरानी
पुलिस ने देशप्रिय पार्क, कसबा, गरियाहाट, कुम्हारटोली, बेहाला, बीके पाल एवेन्यू और बागबाजार जैसे प्रमुख पूजा क्षेत्रों को विशेष निगरानी में रखा है। यहां भीड़ और वाहनों की अधिक आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था पर अतिरिक्त नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने पूजा समितियों से उनके थीम और पंडाल के डिजाइन की जानकारी पहले से जमा कराने को कहा है, ताकि किसी विवादास्पद थीम की स्थिति से बचा जा सके। साथ ही बड़े पूजा केंद्रों में ऊंचे रैंप या ऐसी संरचनाओं पर रोक रहेगी, जिनसे भीड़ और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पार्किंग और आपातकालीन रास्तों पर जोर
निर्देशों के तहत पूजा पंडालों के निकास द्वार के आसपास वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। पुलिस उपयुक्त पार्किंग स्थलों की पहचान भी कर रही है। पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने वरिष्ठ अधिकारियों को जमीनी स्थिति का विस्तृत आकलन कर 14 दिनों के भीतर लालबाजार में रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है।
साथ ही स्थानीय थानों को अपने क्षेत्र के सभी पंजीकृत पूजा स्थलों की विस्तृत सूची तैयार करने को कहा गया है। पुलिस का उद्देश्य पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखना है।