कोलकाता पुलिस के नाम पर फर्जी सर्कुलर वायरल!

लालबाजार ने शुरू की जांच
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जारी छिटपुट तनाव के बीच अब सोशल मीडिया पर कोलकाता पुलिस के नाम से फर्जी निर्देशिकाएं वायरल हो रही हैं। इन फर्जी पोस्ट्स के जरिए शहर में धारा 144 लागू होने जैसी अफवाहें फैलाकर दहशत पैदा करने की कोशिश की जा रही है। लालबाजार की खुफिया शाखा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

भ्रामक सूचनाओं से फैलाया जा रहा डर

हाल ही में सोशल मीडिया पर पुलिस के नाम से एक फर्जी नोटिस वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि शहर के कई हिस्सों में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके तुरंत बाद एक और इसी तरह की फर्जी विज्ञप्ति सामने आई। पुलिस के संज्ञान में यह मामला आते ही तुरंत स्पष्टीकरण जारी किया गया कि ये दोनों नोटिस पूरी तरह फर्जी हैं। पुलिस के आला अधिकारियों का मानना है कि जानबूझकर जनता को गुमराह करने और अशांति फैलाने के लिए यह साजिश रची गई है।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कोलकाता पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। लालबाजार के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो लोग इस तरह की अफवाहें फैला रहे हैं, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन फर्जी दस्तावेजों का स्रोत क्या है।

कमिश्नर की अपील: अफवाहों पर न दें ध्यान

कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने बुधवार को बताया कि राज्य में छिटपुट हिंसा की घटनाओं के सिलसिले में अब तक 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी सूचना पर बिना जांचे विश्वास न करें।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in