भवानीपुर बवाल : 40 संदिग्धों की पहचान, कोलकाता पुलिस ने भेजी नोटिस

सीसीटीवी फुटेज के जरिए अभियुक्तों को चिह्नित कर रही है पुलिस
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : भवानीपुर में राज्य के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नामांकन दाखिल करने के दौरान हुई अशांति के मामले में अब कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। लालबाजार सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर इस घटना में शामिल 35-40 लोगों की पहचान की गई है और उन्हें नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरुवार की इस घटना से जुड़े तीन मामलों में ये नोटिस जारी की गयी हैं। गुरुवार को नामांकन दाखिल करने से पहले शुभेंदु अधिकारी के रोड शो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। इसी कार्यक्रम के दौरान हुई अशांति के संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। गौरतलब है कि गुरुवार को शुभेंदु अधिकारी का रोड शो हाजरा मोड़ से शुरू होकर सर्वे बिल्डिंग तक गया, जहां उन्होंने नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के सामने से जुलूस गुजरते समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहां तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता काले कपड़े बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे धक्का-मुक्की में बदल गई। घटना के बाद संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) से चुनाव आयोग ने रिपोर्ट तलब की थी। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मामले में कालीघाट और अलीपुर थानों में अलग-अलग तीन शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिनके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इनमें से दो एफआईआर स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज की गई हैं। चुनाव आयोग के अधिकारियों की शिकायतों के आधार पर भी कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोप अवैध जमावड़ा, नारेबाजी, जवाबी नारेबाजी से तनावपूर्ण स्थिति पैदा करना और सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करना है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in