

कोलकाता : सड़क ही आप लोगों का ऑफिस है। इसलिए सड़क पर जितना हो सके, लोगों की मदद करें। आप लोगों का काम ही हमें दूसरों से अलग बनाता है। शनिवार को पदभार संभालने के बाद कोलकाता पुलिस के कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के दौरान सभी पुलिस स्टेशनों और ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों से ये बातें कहीं। सूत्रों के अनुसार पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आम जनता लालबाजार की इमारत देखकर खुश नहीं होती, बल्कि सड़क और थाने में पुलिसकर्मियों से मिलने वाली सेवा के कारण खुश होती है। यही हमारी पहचान है और यही हमें दूसरे राज्यों की पुलिस से अलग बनाती है। उन्होंने विशेष रूप से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे सड़कों पर आम लोगों की सक्रिय रूप से मदद करें। इसके साथ ही सभी पुलिस थानों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता (विजिबिलिटी) बढ़ाने के लिए कहा। सीपी सुप्रतिम सरकार ने कहा कि थानों में आने वाले नागरिकों से शालीनता और संवेदनशीलता के साथ पेश आना जरूरी है। पुलिस का उद्देश्य लोगों की सहायता करना है, न कि उन्हें परेशान करना। उन्होंने सभी अधिकारियों को बुनियादी पुलिसिंग पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया।
वहीं दूसरी तरफ शनिवार को पदभार संभालने के तुरंत बाद पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने पुलिस ट्रेनिंग स्कूल और अलीपुर बॉडीगार्ड लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में महिला पुलिसकर्मियों के बैरक का दौरा किया। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने अलीपुर बॉडीगार्ड लाइन में पुलिसकर्मियों के बैरकों का भी निरीक्षण किया। बैरकों के अंदर रसोईघर और कर्मियों के स्नानागार कितने साफ-सुथरे हैं, इसकी उन्होंने स्वयं जांच की। इस दौरान पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को बैरकों की साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया और इस विषय पर विशेष जोर दिया।