

कोलकाता : आईसीसी टी-20 विश्व कप के तहत कल कोलकाता में खेले जाने वाले भारत बनाम वेस्ट इंडीज मुकाबले को लेकर ऑनलाइन ठगी का बड़ा खतरा सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर फेसबुक पर कई पोस्ट और ग्रुप के जरिए मैच के टिकट बेचने के दावे किए जा रहे हैं। प्रशासन ने इसे लेकर आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, इन अनधिकृत सोशल मीडिया पोस्ट, ग्रुप और संदिग्ध ऑनलाइन पोर्टलों के माध्यम से टिकट खरीदने पर ऑनलाइन धोखाधड़ी की आशंका अत्यधिक है। ठग आकर्षक ऑफर और सीमित टिकट उपलब्धता का झांसा देकर लोगों से अग्रिम भुगतान करवा रहे हैं। कई मामलों में फर्जी लिंक भेजकर या क्यूआर कोड स्कैन करवाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दर्शक केवल अधिकृत टिकट बिक्री केंद्रों और आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही टिकट खरीदें। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने या क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करने से बचें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध लिंक, विज्ञापन या ठगी का प्रयास दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1800-345-0066 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से सजग और सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी लालच या जल्दबाजी में आकर जालसाजों के झांसे में न आएं। सतर्कता ही सुरक्षा है।