अब सड़क पर निडर कदम : कोलकाता पुलिस की ‘पिंक’ पहल और ‘शाइनिंग’ स्क्वाड तैनात

कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने पिंक बूथ और शाइनिंग टीम का किया उद्घाटन
पिंक बूथ के उद्घाटन के मौके पर सीपी सुप्रतिम सरकार। साथ में हैं एडिशनल सीपी 1 डीपी सिंह व अन्य
पिंक बूथ के उद्घाटन के मौके पर सीपी सुप्रतिम सरकार। साथ में हैं एडिशनल सीपी 1 डीपी सिंह व अन्य
Published on

कोलकाता : महानगर में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोलकाता पुलिस ने दो नयी पहल की है। बुधवार से शहर के विभिन्न हिस्सों में ‘पिंक बूथ’ स्थापित किये गये हैं, वहीं महिलाओं की सुरक्षा को और सशक्त बनाने के लिए ऑल-विमेन पेट्रोलिंग स्क्वाड ‘शाइनिंग’ मोबाइल भी सड़कों पर उतारे गए हैं। कोलकाता पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने श्यामबाजार फाइव फ्वाइंट क्रॉसिंग पर पिंक बूथ का उद्घाटन किया। इस मौके पर एडिशनल सीपी 1 डीपी सिंह, ज्वाइंट सीपी क्राइम रूपेश कुमार, डीसी सेंट्रल दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

पांच स्थानों पर शुरू हुए पिंक बूथ

पहले चरण में पिंक बूथ श्यामबाजार फाइव प्वाइंट क्रॉसिंग, उल्टाडांगा हड़को मोड़, कांकुड़गाछी, गरियाहाट मोड़ और बेहला चौराहा समेत प्रमुख स्थानों पर स्थापित किये गये हैं। इन बूथों पर केवल महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगी। इनकी ड्यूटी शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक रहेगी, ताकि ऑफिस से लौटने वाली महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

इन पिंक बूथों में इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड उपलब्ध रहेगी। साथ ही वायरलेस सेट, टेलीफोन, फर्स्ट एड बॉक्स, महिला कर्मियों के लिए चेंजिंग रूम और वॉशरूम जैसी सुविधाएं भी होंगी। महिलाओं को यहां नजदीकी डॉक्टर, पुलिस स्टेशन, बस रूट, मेट्रो स्टेशन और अन्य आवश्यक सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जब बूथ पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होंगे, तो महिलाएं अपनी समस्याएं अधिक आत्मविश्वास और सहजता से साझा कर सकेंगी।

‘शाइनिंग’ मोबाइल स्क्वाड का होगा गश्त

इसी के साथ पांच विशेष पेट्रोलिंग कारों को ‘शाइनिंग’ नाम देकर सड़कों पर उतारा गया है। यह ऑल-विमेन पेट्रोलिंग स्क्वाड होगा, जिसमें केवल महिला पुलिसकर्मी और अधिकारी शामिल होंगी। इन वाहनों का नामकरण राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया है। इससे पहले महिला बाइक पेट्रोलिंग यूनिट को ‘विनर्स’ नाम भी उन्होंने ही दिया था। ये ‘शाइनिंग’ मोबाइल कारें शहर के विभिन्न हिस्सों, खासकर ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन बाईपास और अन्य प्रमुख सड़कों पर गश्त करेंगी, जिनका उपयोग महिलाएं देर शाम ऑफिस से लौटते समय करती हैं। फिलहाल इनकी ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 2 बजे तक तय की गई है, हालांकि परिस्थितियों के अनुसार समय में बदलाव संभव है। इनकी निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी।

पायलट प्रोजेक्ट, जल्द बढ़ेगी संख्या

फिलहाल पांच पिंक बूथ और पांच ‘शाइनिंग’ मोबाइल वाहनों के साथ इस योजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इनकी संख्या बढ़ाकर पूरे शहर में इसका दायरा विस्तारित किया जाएगा। कोलकाता पुलिस का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल महिलाओं को सुरक्षित रखना ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित महसूस कराना भी है। इसी लक्ष्य के साथ यह पहल की गयी है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in