

कोलकाता : ईडी ने गुरुवार देर रात कोलकाता पुलिस के डीसी शांतनु सिन्हा विश्वास को गिरफ्तार कर लिया। 'सोना पप्पू' से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केंद्रीय एजेंसी ने यह बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार की सुबह 11 बजे साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स पहुंचे शांतनु से करीब साढ़े दस घंटे तक मैराथन पूछताछ की गयी, जिसके बाद रात करीब 9:30 बजे उन्हें हिरासत में ले लिया गया। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
लगातार समन की कर रहे थे अनदेखी
जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, शांतनु सिन्हा विश्वास को इससे पहले भी पूछताछ के लिए कई बार समन जारी किया गया था, लेकिन वे बार-बार हाजिर होने से बच रहे थे। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी की गयी थी ताकि वे देश छोड़कर न भाग सकें। शांतनु ने एक मामले में समन के खिलाफ कोलकाता उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया था।
घर पर पड़ चुका है छापा
गौरतलब है कि पिछले महीने ही ईडी की टीम ने दक्षिण कोलकाता के फर्न रोड स्थित शांतनु के आवास पर छापेमारी की थी। तड़के शुरू हुई यह कार्रवाई देर रात 2 बजे तक चली थी। उस दौरान भी शांतनु सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आये थे। छापेमारी के अगले दिन ईडी ने उन्हें और उनके दो बेटों, सायंतन और मनीष को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन परिवार का कोई भी सदस्य जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ।
वित्तीय लेन-देन के मिले सबूत
जांच टीम को 'सोना पप्पू' और उनके करीबियों के साथ शांतनु के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं। इसके अलावा, उन पर रेत तस्करी मामले में भी शामिल होने के आरोप हैं। अप्रैल में कालीघाट थाने के पूर्व प्रभारी रहे शांतनु को रेत तस्करी मामले की जांच में भी तलब किया गया था, लेकिन तब भी उन्होंने व्यस्तता का हवाला देकर अपने वकील को भेज दिया था।