ऋतुराज होटल अग्निकांड में एक और गिरफ्तार

पूर्व मिदनापुर के कोलाघाट से पकड़ा गया अभियुक्त
ऋतुराज होटल अग्निकांड में एक और गिरफ्तार
Published on

कोलकाता : जोड़ासांको थानांतर्गत मदन मोहन बर्मन स्ट्रीट स्थित ऋतुराज होटल में लगी आग के मामले में पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम शेख मो.सागीर अली है। एसआईटी ने उसे पूर्व मिदनापुर के कोलाघाट के गोपालनगर गांव से पकड़ा है। घटना के बाद से वह फरार था। वह होटल में चल रहे इंटेरियर डेकोरेशन के कार्य का सुपरवाइजर है। सोमवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 8 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार गत मंगलवार को ऋतुराज होटल में लगी आग की घटना में 14 लोगों की मौत हो गयी थी। इनमें दो बच्चे भी शामिल थे। घटना के बाद पुलिस ने होटल के मालिक, मैनेजर और इंटेरियर डेकोरेशन के ठेकेदार को गिरफ्तार किया था। उन लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस को शेख मो.सागीर अली का पता चला था। सागीर वहां पर इंटेरियर डेकोरेशन के काम में लगे श्रमिकों के साइट सुपवाइजर के तौर पर कायऱर्यरत था। घटना के दिन वह कुछ देर पहले ही घर चला गया था। घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद था। इस बीच गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर सरकारी वकील ने गिरफ्तार शेख मोहम्मद सगीर अली की जमानत का कड़ा विरोध करते हुए अपनी दलील में कहा, ‘कुछ दिन पहले उस होटल में आग लग गई थी, जिसमें 14 लोग मारे गए थे। उनमें दो बच्चे थे। उस होटल के अंदर इंटीरियर डेकोरेशन का काम चल रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति सुपरवाइजर था। वहां कुछ ज्वलनशील पदार्थ थे। एलपीजी सिलिंडर रखे हुए थे। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जरूरत है।’ इस बीच, आरोपित के वकील राजा सेनगुप्ता ने जमानत के लिए आवेदन किया और कहा कि गिरफ्तार सगीर अली उस होटल का सुपरवाइजर नहीं था। वह उस कंपनी का सुपरवाइजर था जो वहां इंटेरियर डेकोरेशन का काम कर रही थी। वह ऋतुराज होटल का कर्मचारी नहीं है। जमानत याचिका दायर की गई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने शेख मोहम्मद सगीर अली को आठ मई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। गौरतलब है कि ऋतुराज होटल में आग लगने की घटना के सिलसिले में पुलिस ने पहले तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इस घटना में कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in