पुराना फर्नीचर खरीदने के बहाने घर में घुसकर की थी वृद्धा की हत्या

मोचीपाड़ा में वृद्धा की हत्या के मामले में कबाड़ीवाला गिरफ्तार

पुराना फर्नीचर खरीदने के बहाने घर में घुसकर की थी वृद्धा की हत्या
Published on

कोलकाता : महानगर में पुराना फर्नीचर खरीदने के बहाने घर में घुसकर एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी गई। खुद को पुलिस की नजर और सीसीटीवी कैमरे से बचाने के लिए वह घटनास्थल से छाता लेकर बाहर निकला और अपने चेहरे को छाता से ढक कर फरार हो गया। हालांकि उसके चलने के ढंग ने आखिरकार उसे पुलिस के हत्थे चढ़ा दिया। मोचीपाड़ा में वृद्ध महिला की हत्या के 3 दिनों के भीतर हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया। लालबाजार के खुफिया विभाग ने 'गेट पैटर्न' पद्धति से आरोपित कबाड़ीवाले को भी पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम मयमूर अली गाजी (53) है। वह दक्षिण 24 परगना के मगराहाट का निवासी है। मयमूर पुराना सामान खरीदने का कारोबार करता था। उसके पास से वृद्धा के घर से लूटे गये सोने के कंगन, ईयरिंग सहित अन्य आभूषण बरामद कर लिये गये हैं।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृत वृद्ध महिला अपने घर में अकेली रहती थी। वह कई दिनों से महंगा पुराना फर्नीचर बेचने की कोशिश कर रही थी। 11 जून को सुबह करीब 9 बजे मयमूर उसके घर आया। उसने दरवाजा खटखटाया और वृद्ध महिला को बुलाया। वह फर्नीचर खरीदने के बहाने घर में घुसा और वृद्धा की हत्या कर उसके कान की बाली, हार, अंगूठी और कंगन ले लिये। उसने अलमारी से कुछ नकदी भी लूट ली। जाते समय वह वृद्धा के घर से ताला और चाबी ले गया। महज 5 मिनट में मयमूर ने 'ऑपरेशन' पूरा किया और बाहर से ताला लगाकर इलाके से निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में न पकड़ा जाए, इसलिए उसने सिर पर छाता लगा रखा था। हत्या के बाद आरोपित ब्लाइंड लेन गया और कपड़े बदले। फिर वह सियालदह स्टेशन गया। उसने बारुईपुर के लिए ट्रेन पकड़ी। वहां से वह सोनारपुर के लिए दूसरी ट्रेन पकड़ी। इसके बाद सोनारपुर से वह मोगराहाट तीसरी ट्रेन से पहुंचा। वृद्धा का शव बरामद करने के बाद जांचकर्ताओं ने जांच शुरू की और पड़ोसियों से बात की। उन्होंने बताया कि कई दिनों से वृद्धा के घर में कई फेरीवाले आ-जा रहे थे। कौन आ-जा रहा था, इसका पता लगाने के लिए जासूसों ने इलाके के सीसीटीवी की फुटेज जुटायी। उसमें कई लोग नजर आए। एक व्यक्ति को छाता लेकर बाहर निकलते भी देखा गया। उसे देखकर संदेह हुआ।

गेट पैटर्न के जरिए अभियुक्त तक पहुंची पुलिस

हालांकि, उसका चेहरा नहीं दिखने के कारण जांचकर्ताओं को पहले तो उसे पहचानने में दिक्कत हुई। जांचकर्ताओं का एक दल मगराहाट में अन्य फेरीवालों से बात करने गया। जांचकर्ताओं ने वहां जाकर उनसे बात की। इस बीच, हमलावर की चाल और हाव-भाव से 'गेट पैटर्न' के जरिए उसकी पहचान मयमूर के रूप में हुई। शनिवार की सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति के घर से वृद्धा के सोने के जेवर और नकदी बरामद की गई। अभियुक्त से पूछताछ में पता चला कि उसके ऊपर काफी कर्ज था। उक्त कर्ज चुकाने के लिए उसे रुपये की सख्त जरूरत थी। इसके कारण ही उसने वृद्धा की हत्या कर उसके घर से आभूषण लूट लिये। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ करके घटना के बारे में और जानकारी मिलेगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in