
कोलकाता : झारखंड के बोकारो के जरीडीह अपर बाजार स्थित एक मैरेज हॉल की आड़ में चल रहे अवैध हथियार कारखाने का कोलकाता पुलिस के एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम केशव कुमार और प्रवीण कुमार हैं। इनमें से केशव बिहार के खगड़िया और प्रवीण बिहार के मुंगेर का रहनेवाला है। अभियुक्तों के पास से 6 अर्द्धनिर्मित पिस्तौल, 9 पिस्तौल बॉडी, 9 स्लाइडर, लेथ मशीन. ग्राइंडिंग मशीन, ड्रीलिंग मशीन के अलावा 1 लाख रुपये नकद बरामद किये गये हैं। कोलकाता पुलिस के एसटीएफ ने झारखंड एटीएस के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से छापामारी कर अभियुक्तों को पकड़ा है।
क्या है पूरा मामला
कोलकाता पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के बोकारो में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री चल रही है। गुप्त सूचना मिलने पर कोलकाता पुलिस के एसटीएफ और झारखंड एटीएस की टीम ने बोकारो के गांधीनगर स्थित सूरज साव और कावेरी मैरेज हॉल नामक एक समारोह स्थल पर संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को कावेरी मैरेज हॉल के गोदाम के अंदर आग्नेयास्त्र बनाने की फैक्ट्री मिली। अधिकारियों ने इस काम में शामिल दो लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार लोगों के नाम केशव कुमार और प्रवीण कुमार हैं। गिरफ्तार सभी लोग बिहार के रहने वाले हैं। फैक्ट्री से 6 अर्धनिर्मित पिस्तौल, 9 बंदूक के खोखे, 13 पिस्तौल की बैरल प्लेट, 3 स्क्रैप प्लेट, 1 लेथ मशीन, 1 ड्रिल मशीन, 1 ग्राइंडिंग पॉलिशिंग मशीन, ड्रिल बिट, ग्रूविंग मशीन, स्केल, जीरोइंग मशीन और कई अन्य उपकरण जब्त किए गए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध फैक्ट्री को बनाने में कोई और तो शामिल नहीं है। जांचकर्ता गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर सारी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले झारखंड और कोलकाता पुलिस के संयुक्त अभियान में अवैध फैक्ट्रियां पकड़ी गई थीं। पिछले तीन सालों में झारखंड और कोलकाता पुलिस के एसटीएफ द्वारा की गई यह 18वीं कार्रवाई है। उस अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे।