वेवर स्कीम के प्रचार के लिए अब एडेड एरिया में होगी माइकिंग

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम से जुड़े शहर के नए इलाकों (एडेड एरिया) में वेवर स्कीम के प्रचार के लिए निगम प्रशासन ऑटो माइकिंग कराने जा रहा है। निगम की ओर से जल्द ही यह अभियान शुरू किया जाएगा। वेवर स्कीम को लेकर निगम के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा संपत्ति कर मूल्यांकन एवं राजस्व वसूली विभाग के अधिकारियों के बीच एक बैठक हुई। बैठक में योजना से जुड़े कुछ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के एडेड एरिया यानी 156 से 209 नंबर वार्ड में वेवर स्कीम के प्रचार पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत जादवपुर, गड़िया, खिदिरपुर, गार्डनरीच, जोका, बेहला और ठाकुरपुकुर जैसे इलाकों में गली-मोहल्लों में ऑटो के जरिए माइकिंग कर नागरिकों को वेवर स्कीम की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए निगम के प्रत्येक बोरो में एक-एक ऑटो तैनात करने का फैसला किया गया है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक, शहर के उत्तर और दक्षिणी हिस्से के पुराने इलाकों यानी 1 से 155 नंबर वार्ड (पुराने 1 से 100 नंबर वार्ड) में रहने वाले नागरिकों के बीच वेवर स्कीम को लेकर अपेक्षाकृत अधिक जागरूकता है। ऐसे में इन इलाकों में ऑटो माइकिंग के जरिए प्रचार की विशेष आवश्यकता नहीं है। वहीं, शहर के नए जुड़े इलाकों में योजना के प्रति नागरिकों को और अधिक जागरूक करने की जरूरत महसूस की जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों में ऑटो माइकिंग के जरिए व्यापक प्रचार अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News