

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नगर विकास एवं पालिका विभाग की ओर से कोलकाता नगर निगम (केएमसी) क्षेत्र के नागरिकों के लिए शनिवार को 'मुखोमुखी' लाइव फोन-इन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की दिशा में त्वरित पहल करना है। कार्यक्रम में विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पाल सहित नगर विकास एवं पालिका विभाग तथा कोलकाता नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान नागरिक अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। जलापूर्ति, सड़क, जलनिकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट, भवन संबंधी मुद्दों समेत नगर सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर लोग अपनी बात रख सकते हैं। 'मुखोमुखी' कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। नागरिक इस दौरान टोल फ्री नंबरों पर कॉल कर अपनी शिकायतें तथा सुझाव भी दे सकते हैं। विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से इस कार्यक्रम का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने की अपील की है।