तकनीकी खराबी से कोलकाता मेट्रो सेवा बाधित, 10 मिनट तक विभिन्न स्टेशनों पर रुकी रहीं ट्रेनें

बेलगछिया स्टेशन पर आई तकनीकी समस्या से यात्रियों को हुई परेशानी, नेताजी भवन और मैदान स्टेशन पर भी फंसे रहे यात्री
Kolkata
मेट्रो सेवा बाधित
Published on: 

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो की उत्तर-दक्षिण लाइन पर बुधवार शाम तकनीकी खराबी के कारण रेल सेवा प्रभावित हुई। बेलगछिया स्टेशन पर आई तकनीकी समस्या के चलते दक्षिणेश्वर की ओर जाने वाली कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रुक गईं। शाम करीब 5:10 बजे हुई इस घटना के कारण यात्रियों को 10 मिनट से अधिक समय तक परेशानी झेलनी पड़ी।

यात्रियों के अनुसार, ट्रेनें अचानक रुक गईं और काफी देर तक आगे नहीं बढ़ीं। नेताजी भवन स्टेशन पर रुकी ट्रेन के यात्रियों ने बताया कि कुछ समय बाद उद्घोषणा के माध्यम से बेलगछिया स्टेशन पर तकनीकी खराबी की जानकारी दी गई। ट्रेन के दरवाजे खुले रहने के कारण प्लेटफॉर्म से लगातार यात्री उसमें चढ़ते रहे, जिससे डिब्बे में भीड़ बढ़ गई।

मैदान और नेताजी भवन स्टेशन पर भी प्रभावित हुई सेवा

मैदान स्टेशन पर रुकी ट्रेन के यात्रियों ने बताया कि काफी देर बाद मेट्रो प्रशासन की ओर से घोषणा की गई। शुरुआत में यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही, लेकिन सूचना मिलने के बाद स्थिति कुछ सामान्य हुई। एक यात्री के मुताबिक, उनकी ट्रेन रुकी रही, जबकि दूसरी दिशा में जाने वाली ट्रेनें नेताजी भवन स्टेशन से गुजरती रहीं।

कुछ यात्रियों ने बेलगछिया स्टेशन पर चिंगारी दिखाई देने की बात भी कही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। मेट्रो रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि बेलगछिया स्टेशन पर तकनीकी खराबी आई थी, लेकिन समस्या गंभीर नहीं थी। उल्लेखनीय है कि इस घटना से शाम के व्यस्त समय में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News