ग्रीन लाइन पर फिर मेट्रो सेवा बाधित, सियालदह व एस्प्लेनेड के बीच बंद रही रफ्तार

ऑफिस टाइम में सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को हुई भारी परेशानी
ग्रीन लाइन पर फिर मेट्रो सेवा बाधित, सियालदह व एस्प्लेनेड के बीच बंद रही रफ्तार
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो की ग्रीन लाइन (हावड़ा मैदान-सेक्टर V) पर गुरुवार सुबह एक बार फिर तकनीकी खराबी के कारण मेट्रो सेवाएं बाधित हो गईं। सुबह के व्यस्ततम समय यानी ऑफिस टाइम में सेवा रुकने से हजारों यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। खासकर वे यात्री जो हावड़ा से एस्प्लेनेड या सियालदह से सेक्टर V की ओर यात्रा कर रहे थे, उन्हें बीच रास्ते में रुकना पड़ा या वैकल्पिक साधनों से सफर करना पड़ा।

मेट्रो प्रशासन के अनुसार, सुबह करीब 10:25 बजे तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई, जिसके चलते सियालदह और एस्प्लेनेड के बीच मेट्रो सेवा पूरी तरह रोक दी गई। इसके बाद केवल हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड और सियालदह से सेक्टर V तक मेट्रो आंशिक रूप से दो हिस्सों में चलाई गई। यह स्थिति करीब 11:05 बजे तक बनी रही।

मेट्रो रेलवे के अधिकारियों ने जानकारी दी कि यांत्रिक खराबी के कारण सेवा में यह अस्थायी बाधा आई। हालांकि, तकनीकी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में समस्या को ठीक कर लिया और सुबह 11:05 बजे के बाद मेट्रो सेवा पूरे रूट पर सामान्य कर दी गई।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि सेवा आंशिक रूप से बंद है। कई लोगों ने मेट्रो का इंतजार करने के बजाय टैक्सी या बस जैसे वैकल्पिक साधनों से यात्रा जारी रखी। इससे उनकी जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ा और समय की भी हानि हुई।

गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले, बुधवार सुबह 10:30 बजे, भी ग्रीन लाइन पर यांत्रिक समस्या के कारण मेट्रो सेवा प्रभावित हुई थी। लगातार दो दिनों तक सेवा में आई रुकावटों से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। मेट्रो प्रशासन ने असुविधा के लिए खेद जताया है और भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in