सिग्नलिंग समस्या से दक्षिणेश्वर–दमदम रूट पर मेट्रो लेट

सिग्नलिंग समस्या से दक्षिणेश्वर–दमदम रूट पर मेट्रो लेट
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर एक बार फिर तकनीकी खराबी के कारण सेवाएं बाधित हुईं। मंगलवार सुबह ऑफिस टाइम के दौरान दक्षिणेश्वर और दमदम स्टेशन के बीच मेट्रो की रफ्तार बेहद धीमी रही, जिससे हजारों यात्री समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए। इस देरी से यात्रियों में नाराज़गी और असुविधा दोनों देखने को मिलीं।

कोलकाता मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि देरी की मुख्य वजह सिग्नलिंग समस्या थी। सोमवार रात नियमित पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारियों ने पाया कि बरानगर और नोआपाड़ा स्टेशनों के बीच कई जगहों पर सिग्नलिंग केबल कटा हुआ था। इसके तुरंत बाद तकनीकी टीम को तैनात कर नए केबल लगाने का काम शुरू किया गया। रातभर मरम्मति कार्य जारी रहा, लेकिन मंगलवार सुबह तक समस्या पूरी तरह से ठीक न होने के कारण मेट्रो सेवाओं पर इसका असर पड़ा।

अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि सिग्नलिंग केबल कैसे कटा। इस घटनाक्रम ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। यात्रियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में ब्लू लाइन पर तकनीकी खराबियों की घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं, जिससे मेट्रो सेवा की विश्वसनीयता पर प्रभाव पड़ा है।

गौरतलब है कि दक्षिणेश्वर–शहीद खुदीराम रूट पर हाल के दिनों में यात्री लगातार शिकायत कर रहे हैं। कई यात्रियों ने बताया कि मेट्रो स्टेशन पर देर तक इंतजार करना, ट्रेनों का अचानक रुक जाना, और कुछ ट्रेनों के दरवाजे बंद न होना अब आम बात हो गई है। लोगों का कहना है कि मेट्रो, जो कभी शहर की सबसे भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था मानी जाती थी, अब बार-बार की तकनीकी दिक्कतों के कारण कठिनाई पैदा कर रही है। प्रशासन का कहना है कि सिग्नलिंग केबल की मरम्मत में पूरा ध्यान लगाया जा रहा है और जल्द ही सेवाएं सामान्य करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इसके बावजूद यात्रियों में इस बात को लेकर चिंता है कि ऐसी घटनाएँ लगातार क्यों दोहराई जा रही हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in