

कोलकाता : शहर में बढ़ती अवैध पार्किंग की समस्या पर लगाम लगाने के लिए कोलकाता नगर निगम एक बार फिर ऐप आधारित पार्किंग व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रहा है। पिछली व्यवस्था में सामने आई तकनीकी खामियों से सबक लेते हुए इस बार सिस्टम को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। कोलकाता की कई सड़कों पर दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रहती है। कई स्थानों पर फुटपाथ पर भी बाइक और कार खड़ी कर दी जाती हैं। इससे पैदल यात्रियों को परेशानी होती है। पार्किंग को लेकर वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में नगर निगम और कोलकाता पुलिस संयुक्त रूप से नई ऐप आधारित व्यवस्था लागू करने की तैयारी में हैं। गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में अवैध पार्किंग रोकने के लिए एक ऐप शुरू करने की योजना बनाई गई थी। इसके तहत परिवहन विभाग, नगर निगम और कोलकाता पुलिस को एक ही सिस्टम से जोड़ने का प्रस्ताव था। अवैध रूप से पार्क किए गए वाहन की जानकारी ऐप के जरिए संबंधित विभागों तक पहुंचाने और वाहन के नंबर के आधार पर मालिक के मोबाइल पर जुर्माने का संदेश भेजने की योजना थी। हालांकि, यह व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं हो सकी। नई व्यवस्था के तहत वाहन केवल निर्धारित और अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जा सकेंगे। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर प्रति घंटे का शुल्क स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होगा। पार्किंग कर्मचारियों के लिए निर्धारित वर्दी और फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य होगा। फुटपाथ पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। निगम का लक्ष्य ऐप के जरिए पार्किंग शुल्क और अवैध पार्किंग की निगरानी को पारदर्शी बनाना है।