रक्त संकट के बीच कोलकाता के अस्पतालों की रक्तदान करने की अपील

मरीजों के परिजन आगे बढ़कर करें रक्तदान
Kolkata
अस्पतालों की रक्तदान करने की अपील
Published on

कोलकाता : शहर में रक्त की उपलब्धता में आई भारी कमी के बीच कोलकाता के सरकारी और निजी अस्पतालों ने मरीजों के परिजनों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील शुरू कर दी है।

अस्पतालों का कहना है कि रक्त की बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के कारण कई ब्लड बैंक दबाव में हैं। ऐसे में मरीजों के परिजनों को काउंसिलिंग कर रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद मरीजों के उपचार में कोई बाधा न आए।

रक्त लेने वाले मरीजों के परिजनों से भी की जा रही अपील

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जिन मरीजों को अस्पताल के ब्लड बैंक से रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है, उनके परिजनों से भी रक्तदान करने का अनुरोध किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि पर्याप्त संख्या में लोग स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आते हैं, तो ब्लड बैंकों में तेजी से घट रहे स्टॉक को फिर से सामान्य स्तर पर लाया जा सकेगा।

11 ब्लड बैंकों पर रोक से गहराया संकट

हाल ही में 11 ब्लड बैंकों के रक्तदान शिविर लगाने के रोक के बाद शहर में रक्त आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। कई अस्पतालों ने रक्त के उपयोग को प्राथमिकता के आधार पर सीमित करना शुरू कर दिया है।

आपातकालीन सर्जरी, गंभीर मरीजों और जीवन रक्षक उपचार को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य मामलों में उपलब्धता के अनुसार रक्त जारी किया जा रहा है। कुछ अस्पतालों ने बाहरी मरीजों और अन्य संस्थानों को रक्त की आपूर्ति भी सीमित कर दी है।

अतिरिक्त रक्तदान शिविर आयोजित करने की तैयारी

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो अतिरिक्त रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्वस्थ और पात्र नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्त का कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और एक यूनिट रक्त कई मरीजों की जान बचाने में मददगार हो सकता है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in