तेज आंधी-बारिश से थमी कोलकाता की रफ्तार, कई इलाके हुए जलमग्न

चांदनी चौक में पेड़ गिरने से हुई परेशानी, कैखाली में ऐप कैब का आधा हिस्सा पानी में डूबा
रविवार को हुई भारी बारिश के कारण गिरे पेड़ को हटाते आपदा प्रबंधन के कर्मी
रविवार को हुई भारी बारिश के कारण गिरे पेड़ को हटाते आपदा प्रबंधन के कर्मी
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मानसून की दस्तक के बाद रविवार को महानगर और संलग्न इलाके में करीब कई घंटे तक चली तेज आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। चांदनी चौक क्षेत्र में सड़क पर एक बड़ा पेड़ गिरने से सेंट्रल एवेन्यू पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानियों को सामना करना पड़ा। पेड़ एक विद्युत तार पर गिर गया था, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही कोलकाता नगर निगम और सीईएससी के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और लगभग 45 मिनट की मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाया। छूट्टी का दिन होने के कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी, इसलिए बड़े पैमाने पर जाम की स्थिति नहीं बनी। इसके अलावा कैखाली इलाके में एक ऐप कैब गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गई। चिनार पार्क की ओर जाते समय सड़क पर पानी भरा होने के कारण कैब सड़क पर मौजूद एक गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में दो यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कैखाली ट्रैफिक गार्ड पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

इन इलाकों में हुआ जलभराव

लगातार बारिश के कारण बेहला थाना परिसर, अलीपुर के लिटिल बर्दवान रोड, एमजी रोड, राम मंदिर, काशीपुर, पाटुली, जादवपुर, कसबा और सियालदह के कुछ इलाके जलमग्न हो गए। हालांकि, इनमें से कई स्थानों पर बाद में पानी उतरना शुरू हो गया। बारिश का असर आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में भी देखा गया, जहां परिसर के भीतर पानी घुस गया। कांकुड़गाछी क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। रोड पर पानी भरा होने के कारण नीट परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि, स्कूल, कॉलेज और अधिकांश कार्यालय बंद होने के कारण नियमित यात्रियों को विशेष परेशानी नहीं हुई।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in