

कोलकाता : महानगर में बुधवार को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों पर पानी भर जाने के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर जलजमाव के कारण यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा। महानगर के पार्क स्ट्रीट, केमिक स्ट्रीट, मोरया स्ट्रीट सहित कई अन्य इलाकों में भारी जलजमाव देखने को मिला। इसके अलावा ठनठनिया,
एमजी रोड और 12 नंबर बालीगंज सर्कुलर रोड के आसपास भी बारिश का पानी जमा रहा। कई स्थानों पर सड़क पर पानी भरने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में जल निकासी की समस्या और अधिक गंभीर हो गई। जलजमाव का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। कामकाजी लोगों, छात्रों और जरूरी कार्यों से घर से निकले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। इस बीच बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क मार्ग के बजाय मेट्रो का सहारा लिया। मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि जलजमाव और सड़क पर यातायात की धीमी गति के कारण मेट्रो अपेक्षाकृत सुविधाजनक विकल्प साबित हुई। भारी बारिश और जलजमाव ने एक बार फिर महानगर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मांग की कि जलजमाव वाले इलाकों में जल्द से जल्द पानी निकालने की व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।