

कोलकाता: महानगर को सुंदर, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण-मुक्त बनाने के उद्देश्य से हॉकर्स जॉइंट एक्शन कमेटी (पश्चिम बंगाल) के एक प्रतिनिधिमंडल ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की आयुक्त एवं प्रशासक स्मिता पांडेय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष असित साह ने किया। मुलाकात के दौरान हॉकरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) तथा केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। असित साह ने बताया कि निगम प्रशासन को सूचीबद्ध (एनलिस्टेड) हॉकरों की समस्याओं से अवगत कराया गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया। बैठक में हॉकरों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ। संगठन के अनुसार, कोलकाता के 144 वार्डों में लगभग पांच लाख हॉकर विभिन्न स्थानों पर अपनी आजीविका चला रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने हॉकरों के लिए फूड सेफ्टी संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसके साथ ही फुटपाथों को अतिक्रमण-मुक्त रखते हुए हॉकरों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में हॉकरों के संभावित निष्कासन (उच्छेद) से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।