

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कलकत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सोमवार को कोलकाता के पाच स्तर होटल “बदलते परिदृश्य में पश्चिम बंगाल में कारोबार के अवसर विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम में कारोबारी जगत के प्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं ने भाग लिया। इस दौरान राज्य में निवेश के नए अवसरों, सरकारी नीतियों और बदलते आर्थिक परिदृश्य पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि विपणन विभाग के प्रभारी मंत्री दिलीप घोष मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कलकत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनंत सहरिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कारोबार और निवेश के लिए काफी संभावनाएं हैं। राज्य की भौगोलिक स्थिति, उद्यमशीलता का माहौल, कुशल कार्यबल और बढ़ता बुनियादी ढांचा इसे निवेश के लिए महत्वपूर्ण बनाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच लगातार संवाद से कारोबारी माहौल को और बेहतर बनाया जा सकता है।
दिलीप घोष ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल के आर्थिक और कारोबारी विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार की विभिन्न नीतियों, योजनाओं और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उभर रहे कारोबारी अवसरों पर प्रकाश डालते हुए निवेश, उद्यमिता और सतत आर्थिक विकास के लिए अनुकूल माहौल बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्री ने कारोबारियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी नीतियों, प्रोत्साहनों और सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण विकास, कृषि विपणन और राज्य के व्यापक आर्थिक विकास से जुड़े क्षेत्रों में सरकार और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
सत्र के दौरान कारोबारियों को मंत्री के साथ सीधे संवाद करने और निवेश, कारोबार विस्तार, सरकारी सहायता तथा राज्य में उभरते अवसरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिला।
कलकत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सरकार और उद्योग जगत के बीच रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने तथा पश्चिम बंगाल में निवेश, उद्यमिता, व्यापार और सतत आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में अनुराग झुनझुनवाला ने धन्यवाद ज्ञापन किया।