

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पिछले कुछ महीने से अधिक समय तक बंद रहने के बाद आखिरकार सोमवार से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र का केंद्रीय पोर्टल फिर से शुरू हो गया। केएमसी के स्वास्थ्य विभाग ने पोर्टल पर काम शुरू कर दिया। हालांकि, स्वास्थ्य भवन के सूत्रों के अनुसार, फिलहाल यह पोर्टल केवल कोलकाता में ही शुरू हुआ है। अन्य जिलों में सभी नगरपालिकाओं और पंचायतों के रजिस्ट्रारों के नाम जिलाधिकारियों की ओर से अभी तक नहीं भेजे गए हैं।
केएमसी में नए सिरे से रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रार नियुक्त किए गए है:
केएमसी में नए सिरे से रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रार नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही पुराने जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने का काम भी शुरू हो गया है। अकेले कोलकाता में ऐसे करीब 14-16 हजार आवेदन लंबित हैं। पोर्टल बंद रहने के कारण अब तक यह काम नहीं हो पा रहा था। पोर्टल दोबारा शुरू होने से नागरिकों की यह परेशानी दूर होने की उम्मीद है। 20 मई से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र का पोर्टल आंशिक रूप से बंद था। दो महीने और 21 दिन बाद केंद्रीय पोर्टल फिर से खोल दिया गया। दूसरी ओर, प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर करने वाले रजिस्ट्रार को लेकर भी जटिलता पैदा हो गई थी। रजिस्ट्रार की नियुक्ति को लेकर राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने नए नियम लागू किए थे। इसके चलते कई सप्ताह तक कोलकाता के किसी भी श्मशान घाट और कब्रिस्तान से मृत्यु प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा सका। नए जन्म प्रमाणपत्र जारी करने का काम भी प्रभावित रहा। हाल ही में राज्य सरकार ने केएमसी में नए रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रार को जिम्मेदारी सौंपने को मंजूरी दी। केंद्रीय पोर्टल के इस्तेमाल के लिए उन्हें नए लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी दिए गए। हालांकि, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में आवेदन लंबित होने के कारण अकेले कोलकाता में पूरी प्रक्रिया को सामान्य होने में अभी कम से कम एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है।