फाइल फोटो
फाइल फोटो

कोलकाता पुलिस के थानों और आवासीय परिसरों में होगा फायर सेफ्टी ऑडिट

Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

महानगर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए कोलकाता पुलिस ने एक अहम कदम उठाया है। इसके तहत शहर के सभी थानों, कार्यालयों, आवासीय परिसरों और अन्य पुलिस प्रतिष्ठानों में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। कोलकाता पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

फायर ड्रिल और उपकरणों की होगी जांच

जारी आदेश के मुताबिक, सभी पुलिस थानों और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन विभाग के समन्वय से विशेष फायर ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में अग्निशमन और बचाव कार्यों की प्रक्रिया से रूबरू कराना है, ताकि आपदा के समय त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। ऑडिट प्रक्रिया के दौरान परिसरों में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी वर्तमान स्थिति और कार्यक्षमता की बारीकी से जांच की जाएगी। साथ ही, उपकरणों की वैधता और एक्सपायरी डेट का भी विशेष रूप से सत्यापन किया जाएगा।

निगरानी और रिपोर्टिंग की व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी पाई जाती है, तो उसकी रिपोर्ट तत्काल संबंधित डिविजन डीसीपी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। इस पूरी प्रक्रिया की उच्चस्तरीय निगरानी की जिम्मेदारी संयुक्त पुलिस आयुक्त ऑर्गेनाइजटिक को सौंपी गई है, जबकि सभी डिविजनों के डीसी इस अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में उनका सहयोग करेंगे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से पुलिस परिसरों में सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in