केएमसी के वार्ड 114 के पार्षद गिरफ्तार

महिला ने लगाया छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप
फा‌इल फोटो
फा‌इल फोटो
Published on

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के 114 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस पार्षद विश्वजीत मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर एक महिला द्वारा छेड़छाड़, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के आधार पर रिजेंट पार्क थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन बार के पार्षद को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि मार्च 2024 और इसी वर्ष 9 मई को विश्वजीत मंडल ने उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया तथा उनकी मर्यादा भंग करने का प्रयास किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि पार्षद ने उन्हें अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकाया था। हाल ही में महिला ने रिजेंट पार्क थाने में इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गिरफ्तारी की कार्रवाई की। विश्वजीत मंडल कोलकाता नगर निगम के 114 नंबर वार्ड से लगातार तीन बार 2010, 2015 और 2021 में निर्वाचित हुए हैं। यह वार्ड पहले जादवपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता था, लेकिन परिसीमन के बाद इसे टॉलीगंज विधानसभा क्षेत्र में शामिल कर दिया गया। राजनीतिक गलियारों में विश्वजीत मंडल को टॉलीगंज के पूर्व विधायक एवं राज्य के पूर्व मंत्री अरूप विश्वास का करीबी माना जाता है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कोलकाता नगर निगम के कई तृणमूल कांग्रेस पार्षदों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई है। 23 मई को 123 नंबर वार्ड के पार्षद सुदीप पोल्ले को कथित रंगदारी वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 2 जून को 36 नंबर वार्ड के पार्षद सचिन सिंह और 106 नंबर वार्ड के पार्षद अरिजीत दास को भी इसी तरह के आरोपों में गिरफ्तार किया गया। वहीं बुधवार को 42 नंबर वार्ड के तृणमूल पार्षद महेश कुमार शर्मा को रंगदारी, धमकी और अन्य आरोपों के तहत पुलिस ने हिरासत में लिया था।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in