

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगे कोलकाता में शुक्रवार को केएमसी की पहल पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। तिरंगा प्रभात फेरी की शुरुआत निगम मुख्यालय से हुई। इसके बाद फेरी एस.एन. बनर्जी रोड, डोरिना क्रॉसिंग और लिंडसे स्ट्रीट से होते हुए वापस कोलकाता नगर निगम मुख्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा नजर आया और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। प्रभात फेरी में कोलकाता नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडे, भाजपा विधायक विजय ओझा समेत निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य मौजूद रहे। निगम के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अलावा निगम द्वारा संचालित स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में प्रभात फेरी में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूकता फैलाना था। प्रभात फेरी के दौरान पूरे मार्ग पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।