केएमसी संपत्ति सुनवाई में अभिषेक के पिता के प्रतिनिधि पहुंचे बोरो-9 कार्यालय

केएमसी के बाेरो- 9 कार्यालय की तस्वीर
केएमसी के बाेरो- 9 कार्यालय की तस्वीर
Published on

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के बिल्डिंग डिपार्टमेंट द्वारा शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी से जुड़ी संपत्तियों पर बहुचर्चित सुनवाई निगम के बोरो-9 कार्यालय में की गई। इस दौरान सांसद अभिषेक बनर्जी के पिता अमित बनर्जी की ओर से करीब चार प्रतिनिधि सुनवाई में शामिल होने पहुंचे। सबसे अधिक नजर हरिश मुखर्जी रोड स्थित प्रमुख संपत्ति ''शांतिनिकेतन'' पर है, जिसका स्वामित्व या सह-स्वामित्व अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार या उनकी कंपनी के पास बताया जाता है। इसके अलावा कालीघाट रोड स्थित अभिषेक बनर्जी से जुड़ी एक अन्य प्रमुख संपत्ति पर भी सुनवाई की जा रही है। यह कार्रवाई कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी के पिता की ओर से प्रतिनिधि सुनवाई में उपस्थित हुए। केएमसी के बिल्डिंग डिपार्टमेंट ने 18 मई को हरिश मुखर्जी रोड स्थित ''शांतिनिकेतन'' भवन पर कथित अवैध निर्माण के आरोप में नोटिस चस्पा किया था। विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, यह उन 17 संपत्तियों में शामिल है, जो अभिषेक, उनकी कंपनी और उनके परिवार के स्वामित्व अथवा सह-स्वामित्व में होने के कारण निगम की जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता नगर निगम अधिनियम, 1980 की धारा 400(1) के तहत स्वीकृत नक्शे से कथित डिविएशन के आरोप में इन सभी 17 संपत्तियों पर नोटिस जारी किए गए हैं। पहले केएमसी के असेसमेंट विभाग ने 42 संपत्तियों की सूची तैयार की थी, जिसे बाद में घटाकर 17 कर दिया गया। अभिषेक पहले ही कह चुके हैं कि वह इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, लेकिन बाद में उनके परिवार ने निगम की कार्रवाई को अदालत में चुनौती देने का फैसला किया। केएमसी के एक अधिकारी ने कहा, 'हम स्वीकृत बिल्डिंग योजना से हुए किसी भी विचलन के मामले में केएमसी भवन नियमों के अनुसार ही निर्णय लेते हैं।'

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in