केएमसी की हडको बिल्डिंग की लिफ्ट में फंसे आठ लोग, मची अफरा-तफरी

लिफ्ट के अंदर फंसे हुए लोगों की तस्वीर
लिफ्ट के अंदर फंसे हुए लोगों की tasvit
Published on

कोलकाता : न्यू मार्केट इलाके में स्थित केएमसी की हडको बिल्डिंग की लिफ्ट अचानक खराब हो जाने से सोमवार को अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में करीब सात से आठ लोग सवार थे। लिफ्ट के बीच में ही बंद हो जाने के कारण सभी लोग उसके अंदर फंस गए। काफी देर तक बाहर नहीं निकल पाने के बाद लोगों ने घटना की सूचना बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने प्रयास कर लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकाला। लिफ्ट से बाहर आने के बाद लोगों ने बताया कि वे 15 मिनट से अधिक समय तक अंदर फंसे रहे। इस दौरान लिफ्ट के भीतर गर्मी और घुटन के कारण उनकी परेशानी बढ़ गई थी। लोगों का कहना था कि यदि कुछ और समय तक वे लिफ्ट में फंसे रहते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।लिफ्ट

लिफ्ट में फंसे मृत्यंजय कर्मकार ने सुनाई आपबीती, बोले- दम घुटने जैसी हो गई थी स्थिति :

लिफ्ट में फंसे मृत्यंजय कर्मकार ने बताया कि वे केएमसी के रोड्स विभाग में जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे। उनके साथ करीब सात से आठ अन्य लोग भी मौजूद थे। अचानक लिफ्ट बंद हो गई और न तो ऊपर जा रही थी और न ही नीचे उतर रही थी। कुछ देर बाद लिफ्ट के अंदर दम घुटने जैसी स्थिति पैदा होने लगी। गर्मी के कारण लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। मृत्यंजय ने कहा कि समय रहते सभी लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाल लिया गया, अन्यथा कुछ देर और अंदर फंसे रहने पर बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद लोगों ने लिफ्ट के खराब होने पर तत्काल नोटिस लगाने की मांग की है, ताकि अन्य लोगों को इसकी जानकारी पहले से मिल सके और वे खराब लिफ्ट का इस्तेमाल करने से बचें। घटना के संबंध में बिल्डिंग के उच्च अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in