केएमसी ने पार्क स्ट्रीट के नामी रेस्तरां में चलाया खाद्य सुरक्षा अभियान

केएमसी ने पार्क स्ट्रीट के नामी रेस्तरां में चलाया खाद्य सुरक्षा अभियान
Published on

कोलकाता : बंगाल की प्रसिद्ध दुर्गापूजा से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने शहरभर में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में केएमसी के फूड सेफ्टी अधिकारियों की टीम ने पार्क स्ट्रीट इलाके के कई नामी रेस्तरां में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की। अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों की रसोई में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। पार्क स्ट्रीट के कई चर्चित रेस्तरां की रसोई में जांच के दौरान अधिकारियों को सड़े खाद्य पदार्थ, एक्सपायरी डेट पार कर चुका तेल, फफूंद लगे आलू और बेबी कॉर्न जैसी सामग्री मिली। इसके अलावा, मिठाई तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले छेने की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर उनकी गुणवत्ता की जांच की। प्रारंभिक जांच में अधिकांश नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके। अभियान के दौरान रसोई में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति भी जांची गई। अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी। केएमसी अधिकारियों के अनुसार, दुर्गापूजा व उत्सव के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in