KMC खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 40 दुकानों के लाइसेंस निलंबित

1224 किलो खराब सामग्री नष्ट
केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडेय प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करती हुई, साथ में है कई अन्य अधिकारी
केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडेय प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करती हुई, साथ में है कई अन्य अधिकारी
Published on

कोलकाता : महानगर में खाद्य सुरक्षा मानकों को कड़ा करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए गए 7-दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान विभाग की टीमों ने शहर के 592 परिसरों का औचक निरीक्षण कर 161 खाद्य नमूने एकत्र किए। जांच के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर लगभग 1,224 किलोग्राम संदिग्ध व गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडेय प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। आगे उन्होंने कहा कि विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा, स्वच्छता व सुरक्षा मानकों पर खरे न उतरने वाले 40 प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। नामी रेस्टोरेंट और मिष्ठान भंडारों पर गिरी गाज : इस अभियान के तहत दमदम, छानापट्टी, पोस्ता, राजा कटरा, मानिकतला और न्यू मार्केट जैसे प्रमुख बाजारों से लेकर शहर के नामचीन होटलों, क्लबों और अस्पतालों में भी जांच चलाई गई। जहां एक ओर बड़े फाइव-स्टार होटलों (जैसे JW मैरियट, ITC, ताज) में स्वच्छता मानक संतोषजनक पाए गए, वहीं कई प्रसिद्ध रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में भारी खामियां देखने को मिलीं। कार्रवाई व निलंबन के दायरे में आए प्रमुख नामों में करीम्स, डॉन जियोवानी, शिमला रेस्टोरेंट, बिहार रेस्टोरेंट, बिग बॉस, रूट्स, गुडलक, चाइना गार्डन, गोल्डन एम्पायर, बलराम मलिक, राधा रमण मलिक, मिष्टी हब, जगबंधु मिष्ठान भंडार, सेसिल बार, निजाम्स, न्यू आलिया होटल, अली शान, चुंगवाह, डेंजोंग किचन और अनगा शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक समस्याएं मिठाई की दुकानों में स्वच्छता (हाइजीन) को लेकर सामने आई हैं। दुर्गा पूजा को देखते हुए आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, वे परिसर में आवश्यक सफाई और मानकों में सुधार करने के बाद पुनः संचालन के लिए आवेदन कर सकती हैं। आगामी दुर्गा पूजा उत्सव को ध्यान में रखते हुए विभाग ने संकेत दिया है कि शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि पूजा के दौरान लोग बेफिक्र होकर साफ-सुथरी जगहों पर खान-पान का आनंद ले सकें

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in