KMC के खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेकर्स लेन में मारे छापे

केएमसी के अधिकारी अभियान चलाते हुए
केएमसी के अधिकारी अभियान चलाते हुए
Published on

कोलकाता : राज्य सरकार के निर्देश पर पूरे पश्चिम बंगाल में खाद्य सुरक्षा को लेकर अभियान जारी है। वहीं शनिवार को केएमसी के खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए डेकर्स लेन, जोड़ाबागान और लेक मार्केट इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान डेकर्स लेन की एक दुकान के गोदाम में बड़ी मात्रा में संदेश मिला, जिस पर फफूंद लगी थी। अधिकारियों ने टब में रखी पूरी मिठाई को नष्ट कर दिया। इसके अलावा चॉप-कटलेट के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। राज्यभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए अभियान चल रहा है। टीम ने आम लोगों और नौकरीपेशा लोगों की रोजाना आवाजाही वाले छोटे भोजनालयों और दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर अनियमितताएं सामने आईं। धर्मतला इलाके की डेकर्स लेन खान-पान के लिए काफी लोकप्रिय है। यहां चॉप-कटलेट, फ्राइड राइस-चिकन, रोल, चाउमिन और सूप के साथ भात, रोटी, खिचड़ी और मिठाइयां भी मिलती हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने दुकानों में तैयार खाद्य पदार्थों के साथ उनके गोदामों और इस्तेमाल होने वाली सामग्री की भी जांच की। हल्दी पाउडर और खाद्य रंग की जांच : अभियान के दौरान अधिकारियों ने खास तौर पर हल्दी पाउडर की गुणवत्ता की जांच की। पैकेटबंद हल्दी के मामले में उसकी एक्सपायरी डेट भी देखी गई। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले रंगों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने यह देखा कि खाद्य रंग निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। बताया गया कि डेकर्स लेन की कई दुकानों में पैकेटबंद हल्दी के बजाय थोक बाजार से किलो के हिसाब से खरीदा गया हल्दी पाउडर इस्तेमाल होता है। ऐसे पाउडर पर अक्सर एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं होती। सूत्रों के अनुसार, विभाग ने इस तरह के हल्दी पाउडर के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in