

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के दावों के बीच कोलकाता नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम के पेयजल सप्लाई वाले नल से गंदा पानी और मरी हुई मछली निकलने की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और कई लोगों के बीमार पड़ने की भी खबर है। यह मामला कोलकाता नगर निगम के बोरो-6 अंतर्गत वार्ड संख्या 38 के पारसी बागान इलाके का है। घटना के विरोध में क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षक सैयद अंसार ने नगर निगम के संबंधित विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सैयद ने बताया कि नगर निगम के नल से लगातार गंदा पानी आ रहा है और हाल ही में उसमें मरी हुई मछली भी मिली। इस घटना से स्थानीय निवासियों में भय और नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो लोग इलाके से पलायन करने को मजबूर हो सकते हैं। कई परिवार बेहतर सुविधाओं की तलाश में फ्लैटों में शिफ्ट होने की तैयारी भी कर रहे हैं। फिलहाल स्थानीय लोग नगर निगम से त्वरित कार्रवाई कर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।