

कोलकाता : केएमसी के प्रस्तावित परिसीमन पर मुख्यालय में आम नागरिकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के लिए सुनवाई की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को सुनवाई का तीसरा दिन था। इस दौरान कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडलों ने शामिल होकर परिसीमन को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। इनमें कालीघाट तृणमूल कांग्रेस, ऋतव्रत तृणमूल गुट, माकपा, एसयूसीआई और कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल थे। परिसीमन में वार्डों के पुनर्गठन पर एसयूसीआई की आपत्ति एसयूसीआई (कम्युनिस्ट पार्टी) के कोलकाता जिला संपादन मंडली के सदस्य शेख आयशानुल हक ने अपने चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सुनवाई में हिस्सा लिया। उन्होंने वार्डों के पुनर्गठन और क्षेत्रों के फेरबदल पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने वार्ड नंबर 43 और 44 को मिलाए जाने का विरोध करते हुए कहा कि इससे मतदाताओं की संख्या अत्यधिक बढ़ गई है। उन्होंने अल्पसंख्यक मतदाताओं को एक ही क्षेत्र में केंद्रित करने का भी आरोप लगाया। साथ ही, जोड़ासांको के कुछ क्षेत्रों को चौरंगी में शामिल किए जाने तथा ज़करिया स्ट्रीट और नाखोदा मस्जिद जैसे ऐतिहासिक स्थलों को प्रस्तावित चौरंगी वार्ड नंबर 56 में शामिल करने पर भी आपत्ति जताई।