KMC के नए सर्कुलर पर संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने किया जोरदार प्रदर्शन

बकाया भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मी
स्वास्थ्य विभाग के कर्मी प्रदर्शन करते हुए
स्वास्थ्य विभाग के कर्मी प्रदर्शन करते हुए
Published on: 

कोलकाता: दुर्गापूजा के दौरान लगातार ड्यूटी करने वाले KMC के स्वास्थ्यकर्मियों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि पूजा के दौरान काम कराने के बाद अब नगर निगम ने नया सर्कुलर जारी कर नकद भुगतान के बजाय पांच दिन की छुट्टी देने का फैसला किया है। इस फैसले के विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने निगम के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय के सामने धरना दिया। इन कर्मचारियों ने दुर्गापूजा के दौरान छुट्टियों में भी ड्यूटी कर पूरे शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभाली थी। अब भुगतान नहीं मिलने से उनमें नाराजगी है। कुल 687 संविदा कर्मचारी 15 से 26 अक्टूबर तक दुर्गापूजा के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। इन कर्मचारियों को प्रतिदिन 487 रुपये का भुगतान किया जाता है। कर्मचारियों की मांग है कि पूजा के दौरान किए गए 10 दिनों के काम के बदले प्रत्येक कर्मचारी को 4,870 रुपये दिए जाएं। हालांकि, KMC की ओर से जारी सर्कुलर में कथित तौर पर स्पष्ट किया गया है कि इन 10 दिनों के काम के बदले कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके बजाय पांच दिनों का अवकाश दिया जाएगा, जबकि बाकी पांच दिनों के लिए कोई छुट्टी भी नहीं मिलेगी। इसी फैसले के विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने निगम के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय के सामने धरना दिया। प्रदर्शन कर रहे एक स्वास्थ्यकर्मी ने कहा, “पूजा के दौरान हमसे लगातार ड्यूटी कराई गई। अब कहा जा रहा है कि पैसे नहीं मिलेंगे। हमारी मांग है कि जितने समय काम कराया गया है, उसके हिसाब से वेतन दिया जाए। कहा जा रहा है कि पांच दिन की छुट्टी मिलेगी, लेकिन हमें छुट्टी नहीं, पैसे चाहिए। हमें हमारा मेहनताना दिया जाए।”

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News