केएमसी में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के स्लॉट बुकिंग में परेशानी

18 हजार से अधिक आवेदन बैकलॉग
केएमसी में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के स्लॉट बुकिंग में परेशानी
Published on

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए स्लॉट बुकिंग नहीं हो पाने के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोगों को बार-बार केएमसी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च हो रहा है। केएमसी के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़े करीब 18 हजार से अधिक मामलों का बैकलॉग होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। बड़ी संख्या में लंबित मामलों के चलते नए आवेदनों की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। स्लॉट नहीं मिलने के कारण कई नागरिकों को लगातार कार्यालय आना पड़ रहा है। हालांकि, केएमसी के अधिकारी बैकलॉग को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से लंबित आवेदनों के निपटारे के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जा रहे हैं। निगम का प्रयास है कि बैकलॉग कम होने के साथ-साथ आम लोगों को प्रमाणपत्र हासिल करने में होने वाली परेशानियों को भी दूर किया जा सके। इस बीच, केएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि 25 सितंबर से चैटबॉट के माध्यम से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा शुरू की जाएगी। अधिकारी के अनुसार, स्लॉट बुकिंग का समय सुबह 10 से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद नागरिकों को स्लॉट प्राप्त करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, चैटबॉट के माध्यम से बुकिंग शुरू होने से कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ और बार-बार आने-जाने की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है। केएमसी की ओर से बैकलॉग को जल्द समाप्त करने और प्रमाणपत्र संबंधी सेवाओं को सुचारु बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in