

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य सरकार ने केएसमी के प्रस्तावित 209 वार्डों की सूची जारी कर दी है। सूची में केवल वार्डों की सीमाओं का उल्लेख किया गया है, जबकि कई अहम सवालों के जवाब अब भी नहीं मिले हैं। सूची में वार्डों की उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम दिशा की सीमाओं को दर्शाने वाली केवल कुछ सड़कों का उल्लेख किया गया है। किसी भी वार्ड के मतदाताओं की संख्या नहीं बताई गई है। वार्ड सीमाओं में बदलाव के प्रमुख उद्देश्यों में बहुत अधिक आबादी और मतदाताओं वाले वार्डों को छोटे हिस्सों में बांटना और सभी वार्डों में आबादी का संतुलन कायम करना शामिल था, ताकि नागरिक सेवाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जा सके। सूची में यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि मौजूदा वार्डों में से किसी को विभाजित किया गया है या नहीं। यदि किसी वार्ड को बांटा गया है, तो उससे कितने नए वार्ड बनाए गए हैं और उनके नए वार्ड नंबर क्या हैं, इसका भी उल्लेख नहीं है।
केएमसी के एक अधिकारी ने यह कहा :
केएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि केएमसी अधिनियम में शहर में 144 वार्ड होने का उल्लेख है। 209 वार्डों का मसौदा प्रकाशित करने से पहले अधिनियम में संशोधन करना जरूरी है। प्रकाशित सूची वार्ड सीमाओं के पुनर्निर्धारण की ‘तैयारी संबंधी प्रक्रिया’ का हिस्सा है। नगर निगम ने आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं और इन्हें 13 अगस्त तक स्वीकार किया जाएगा। बाद में विस्तृत जानकारी वाला एक मसौदा प्रकाशित किया जा सकता है। इसमें प्रत्येक वार्ड में मतदाताओं की संख्या शामिल हो सकती है, हालांकि अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर सके कि इसमें प्रत्येक वार्ड का अलग नक्शा भी होगा या नहीं।
संशोधन विधेयक 12 अगस्त को विधानसभा में पेश किया जाएगा। अधिकारी यह भी नहीं बता सके कि मसौदे में प्रत्येक वार्ड के नक्शे शामिल होंगे या नहीं। ऐसे नक्शों से लोगों को यह स्पष्ट हो सकता है कि उनका घर किस सड़क पर स्थित है और वह किस वार्ड के अंतर्गत आता है। राज्य सरकार को प्रत्येक वार्ड के नक्शे और विस्तृत जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।
सूची में सिर्फ यह दिया गया है :
किसी वार्ड की पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण दिशा की सीमाओं को दर्शाने वाली कुछ सड़कों का उल्लेख है।
लोगों के ये सवाल हैं :
1, मतदाताओं की संख्या कितनी है?
2, आबादी कितनी है?
3, वार्ड के नक्शे कहां हैं?
4, विभाजित किए गए मौजूदा वार्डों और बनाए गए नए वार्डों की जानकारी कैसे मिलेगी?
अधिकारी ने कहा :
12 अगस्त को लोगों को अपने सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।