सड़क हादसे में खलासी की दर्दनाक मौत

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर गुड़ाप थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें पंजाब के ट्रक खलासी की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखिंदर सिंह (31) के रूप में हुई है। मृतक चंडीगढ़ के रहने वाले थे और कोलकाता से सरसों का तेल लेकर पंजाब लौट रहे थे। घटना शनिवार की है, जब ट्रक एक पेट्रोल पंप पर रुका था। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक कप्तान सिंह (सुखिंदर के चाचा) और उनका भतीजा कोलकाता में आलू के बीज की खेप खाली करने के बाद सरसों का तेल लोड कर पंजाब की ओर जा रहे थे। गुड़ाप स्थित पेट्रोल पंप पर ट्रक रोका गया। इस दौरान सुखिंदर भोजन लाने के लिए बाहर निकले और फिर वापस नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद कप्तान सिंह ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच गश्त पर निकली गुड़ाप थाना पुलिस को सड़क किनारे सुखिंदर का शव मिला। शव पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, विशेषकर सिर और छाती पर। प्रथम दृष्टया इसे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हुई मौत माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। गुड़ाप थाना के एक अधिकारी ने बताया, “शव की स्थिति और चोट के निशान देखते हुए यह हादसा लगता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा।” सुखिंदर आलू के बीज का व्यापार करते थे। वे नियमित रूप से पंजाब से बंगाल आलू बीज लाते थे और यहाँ से सरसों का तेल लेकर लौटते थे। इस व्यापार में उनके चाचा कप्तान सिंह भी सहयोगी थे। मौत की खबर मिलते ही बर्दवान में रहने वाले उनके रिश्तेदार गुड़ाप पहुँच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है और पेट्रोल पंप के आसपास के गवाहों से पूछताछ जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका रात में सुनसान हो जाता है और तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसे आम हैं। गुड़ाप पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in