केरल के समुद्र में ट्रॉलर दुर्घटना, दो मछुआरे लापता

एक मालवाहक जहाज की टक्कर से पलट गया मछुआरों का ट्रॉलर
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : केरल में मछली पकड़ने के दौरान बीच समुद्र में ट्रॉलर दुर्घटनाग्रस्त होने से दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली के दो निवासी लापता हो गये। दोनों रिश्ते में पिता और पुत्र हैं। दोनों के नाम लक्ष्मण दास (42) और उनके बेटे बादल दास (20) हैं। जानकारी के अनुसार, वे 6 मार्च को केरल में मछली पकड़ने गए थे। उसी समय एक मालवाहक जहाज की टक्कर से उनका ट्रॉलर पलट गया। इसके बाद से दक्षिण 24 परगना के कुलतली निवासी दोनों व्यक्ति लापता हैं। सूत्रों के अनुसार, लगभग तीन महीने पहले दक्षिण 24 परगना से कुल 11 मछुआरे मछली पकड़ने के लिए केरल गए थे। उनमें से 9 काकद्वीप के निवासी और 2 कुलतली के रहने वाले थे। 6 मार्च को वे ‘काटाली-2’ नामक ट्रॉलर लेकर गहरे समुद्र में गए। दोपहर के समय मछुआरों ने ट्रॉलर को समुद्र के बीच में रोक रखा था। कई लोग ट्रॉलर के भीतर सो रहे थे। इसी दौरान एक मालवाहक जहाज़ आकर ट्रॉलर से टकरा गया। टक्कर के बाद समुद्री की उफनती लहरों में संतुलन खो देने के कारण ट्रॉलर पलट गया। उस समय कई मछुआरे अपनी जान बचाने के लिए ट्रॉलर से कूद पड़े। कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए। बताया गया है कि उस समय लक्ष्मण ट्रॉलर के भीतर सो रहे थे। उन्हें बुलाने के लिए उनका बेटा बादल अंदर गया था लेकिन तब तक ट्रॉलर पलट चुका था। बीच समुद्र में ही बादल और लक्ष्मण दोनों डूब गए। बाद में एक अन्य मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर ने घायल मछुआरों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल वे अस्पताल में उपचाराधीन हैं। घटना के बाद कई बार बादल और लक्ष्मण की तलाश की गई, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार को इस घटना की जानकारी मिल चुकी है और वे चिंता व भय के बीच दिन बिता रहे हैं। परिवार ने स्थानीय प्रशासन सहित विभिन्न जगहों पर अपने दोनों लापता सदस्यों की तलाश के लिए गुहार लगाई है। इस संबंध में कुलतली के विधायक गणेशचंद्र मंडल ने कहा कि वह परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in