

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली: केंद्र सरकार की पहल पर केंद्रीय विद्यालय संगठन के अंतर्गत बंडेल स्थित केंद्रीय विद्यालय में ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस योजना के तहत 500 से अधिक विद्यालयों को फुटबॉल उपलब्ध कराए गए, ताकि छात्रों को खेल गतिविधियों से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में पुरसुड़ा विधानसभा के विधायक बिमान घोष ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेल के मैदान की ओर प्रेरित करें। उन्होंने प्रधानमंत्री की इस पहल को छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। विद्यालय के शिक्षक प्रभारी एम.एस. अनवर ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में खेल के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा। कार्यक्रम के अंत में फुटबॉल के साथ एक मैत्री मैच आयोजित किया गया, जिससे पूरा परिसर खेल भावना से सराबोर हो उठा। उन्होंने निकट भविष्य में क्रिकेट सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आईसीसी से संपर्क करने की बात भी कही गई।