

कोलकाता: कैंसर की रोकथाम और प्रारंभिक पहचान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मणिपाल फाउंडेशन ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के सहयोग से एक सामुदायिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम ‘कवच’ लॉन्च किया। कवच कार्यक्रम के तहत महानगर में स्थित केएमसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे कैंसर से पीड़ित हैं या नहीं। मंगलवार को मेयर फिरहाद हकीम ने मणिपाल हॉस्पिटल, ईएम बाइपास में इस कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर मणिपाल फाउंडेशन के सीईओ हरिनारायण शर्मा ने कहा कि कैंसर के इलाज से भी अधिक कठिन उसका समय पर पता लगना है। उन्होंने बताया कि भारत में 70 प्रतिशत से अधिक कैंसर के मामले एडवांस स्टेज में चिन्हित होते हैं, जिसके कारण कैंसर का उपचार आज भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वह दौर अब बीत चुका है जब कैंसर को लाइलाज बीमारी माना जाता था। यदि कैंसर की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए, तो उसका इलाज संभव है।
कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मणिपाल फाउंडेशन ने केएमसी के साथ मिलकर यह नई पहल शुरू की है। इस कार्यक्रम के तहत मणिपाल हॉस्पिटल के प्रशिक्षित पैरामेडिक्स, केएमसी के प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा केंद्रों में आने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग करेंगे। मेयर फिरहाद हकीम ने बताया कि केएमसी के अधीन 200 से अधिक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा केंद्रों और सैटेलाइट स्वास्थ्य केंद्रों में कैंसर स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन जरूरतमंद मरीजों में प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होगी, उनका इलाज स्वास्थ्य साथी कार्ड के तहत किया जाएगा। वहीं, ऐसे 10 मरीज जिनमें कैंसर की पहचान अत्यंत गंभीर अवस्था में होती है, उनका इलाज मणिपाल हॉस्पिटल और राज्य सरकार के बीच हुए समझौते के तहत निःशुल्क कराया जाएगा।
मणिपाल ने शुरू किया कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर केयर सेंटर
इसी के साथ, विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मणिपाल हॉस्पिटल्स कोलकाता ने मणिपाल कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर केयर सेंटर का भी उद्घाटन किया। इसके अंतर्गत अत्याधुनिक क्लिनिकल हीमैटोलॉजी, हीमैटो-ऑन्कोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मणिपाल कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर केयर सेंटर के चेयरमैन डॉ. सुरेन्द्र कुमार डाबस, मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइज के चीफ ऑफ मेडिकल सर्विसेज डॉ. मुरली श्रीनिवासन, पूर्वी क्षेत्र के रीजनल डायरेक्टर डॉ. अयानाभ देवगुप्ता, मणिपाल कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर केयर के निदेशक डॉ. सौरव दत्ता, मुकुंदपुर क्लस्टर के क्लस्टर डायरेक्टर कोमल दशोरा और वार्ड नंबर 109 की पार्षद अनन्या बनर्जी उपस्थित थे।