शुभेंदु के तर्ज पर काकोली का 'जन संपर्क अभियान'

हर रविवार करेंगी जनता से सीधा संवाद
डॉ. काकोली घोष दस्तीदार
डॉ. काकोली घोष दस्तीदार
Published on

कोलकाता : बारासात से सांसद और एनसीपीआई की मुख्य सचेतक डॉ. काकोली घोष दस्तीदार ने अपने लोकसभा क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ‘जन संपर्क अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल के तहत वह प्रत्येक रविवार दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मध्यमग्राम के दिकबेड़िया स्थित अपने आवास पर आम लोगों से मुलाकात करेंगी। यहां क्षेत्र के निवासी अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे उनके सामने रख सकेंगे।

शनिवार को फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी देते हुए काकोली ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनप्रतिनिधियों का जनता से नियमित संपर्क बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों की बात सुनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उनके अनुसार, जनता की राय और सुझाव शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एनसीपीआई में शामिल होने के बाद काकोली घोष दस्तीदार वर्तमान में लोकसभा में पार्टी की मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) की जिम्मेदारी निभा रही हैं। ऐसे समय में उनकी यह पहल राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कार्यक्रम राज्य में शुरू हुए जनसंपर्क अभियानों की नई कड़ी है। भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी साल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में ‘जनता दरबार’ कार्यक्रम शुरू किया है। ऐसे में काकोली का ‘जन संपर्क अभियान’ राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है और इसे जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in