काकद्वीप में लगी भीषण आग, एक परिवार बेघर

सांके‌तिक तस्वीर
सांके‌तिक तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : जिले के काकद्वीप स्टेशन से सटे इलाके में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से एक परिवार का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में होगला नामक व्यक्ति का घर पूरी तरह नष्ट हो गया, जबकि घर में रखा सारा फर्नीचर, जरूरी घरेलू सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार तड़के अचानक घर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी व पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया। पुलिस के अनुसार, इस घर के निवासी सुंदरवन क्षेत्र से शहद (शिउली) संग्रह कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आग लगने से उनका आजीविका से जुड़ा कई जरूरी सामान भी नष्ट हो गया है, जिससे परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उसी दिन पास के एक पड़ोसी के घर एक किशोर का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान बड़ी मात्रा में पटाखे फोड़े गए। परिवार का दावा है कि देर रात पटाखों से निकली चिंगारी उनके घर पर गिरी, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। हालांकि दमकल विभाग और पुलिस का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। यह आग पटाखों से लगी या किसी अन्य कारण से, इसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in