इसी कार से बरामद किया गया ड्राइवर का शव
इंटाली के डीसी दे रोड पर गाड़ी छोड़ भागे हत्यारे
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
इंटाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डीसी दे रोड पर खड़ी एक कैब के अंदर से ड्राइवर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम निवासी भगवान प्रसाद गुप्ता (47) के रूप में हुई है। हत्यारों ने ड्राइवर के पैर रस्सी से बांधकर और गला दबाकर उसकी नृशंस हत्या कर दी और शव को गाड़ी में छोड़कर फरार हो गए।
संदिग्ध हालत में मिली लावारिस कार
घटनास्थल के पास से बिहार जाने वाली बसें खुलती हैं। बुधवार की सुबह काफी देर तक सड़क किनारे एक ही जगह गाड़ी खड़ी रहने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। जब लोगों ने गाड़ी के भीतर झांककर देखा, तो पिछली सीट पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा था और उसका चेहरा गले तक सफेद तौलिए से ढका हुआ था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इंटाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मैकेनिक को बुलाकर गाड़ी का लॉक खुलवाया। तौलिया हटाने पर देखा गया कि व्यक्ति के मुंह से खून निकल रहा था और उसके दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर पुलिस को बताया कि गला घोंटकर हत्या की गई है, जिसके कारण मुंह से खून बाहर आ गया। इसके अलावा मृतक के हाथों पर हाथापाई और बचाव के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्यारों की संख्या दो या तीन हो सकती है।
लूटपाट या पुरानी रंजिश? जांच में जुटी पुलिस
मृत ड्राइवर का मोबाइल फोन, पर्स और एक अंगूठी गायब है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या का मकसद लूटपाट था या किसी पुरानी रंजिश का बदला लेना। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जगह से गाड़ी बरामद हुई, उसके ठीक सामने वाले मकान में लगा सीसीटीवी कैमरा खराब था और उसका तार कटा हुआ था, जिससे रहस्य और गहरा गया है।
मध्यमग्राम से कोलकाता के बीच वारदात की आशंका
कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की। मध्यमग्राम के दोलतल्ला स्थित उसके परिवार से संपर्क करने पर पता चला कि भगवान प्रसाद पहले ऐप-कैब चलाते थे, लेकिन फिलहाल गाड़ी किराए पर ले जाते थे। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह गाड़ी सर्विसिंग कराने की बात कहकर घर से निकले थे। रात 9 बजे के बाद उनका मोबाइल बंद आने लगा। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रात 9 बजे तक वह मध्यमग्राम में ही थे। पुलिस को आशंका है कि मध्यमग्राम से ही गाड़ी में 2-3 यात्री सवार हुए होंगे और रास्ते में किसी बात को लेकर बहस होने के बाद उन्होंने पीछे से गला दबाकर चालक की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पीछे की सीट पर डालकर पैर बांध दिए गए और लूटपाट के बाद गाड़ी को इंटाली के डी सी दे रोड पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस मध्यमग्राम और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हत्यारों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।

