न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव ने किया बॉटनिकल गार्डन का दौरा

पौधारोपण अभियान में शामिल हुए एनजीटी अध्यक्ष
Kolkata
एनजीटी अध्यक्ष ने किया बॉटनिकल गार्डन का दौरा
Published on: 

कोलकाता : राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव ने शनिवार को हावड़ा स्थित आचार्य जगदीश चंद्र बोस भारतीय वनस्पति उद्यान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जैव-विविधता के महत्व को रेखांकित करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।

273 एकड़ में फैला है ऐतिहासिक उद्यान

हुगली नदी के किनारे करीब 273 एकड़ क्षेत्र में फैले इस ऐतिहासिक वनस्पति उद्यान में 12 हजार से अधिक जीवित पौधे हैं। यहां दुर्लभ एवं संकटग्रस्त प्रजातियों के अलावा ऑर्किड, अमेजन वाटर लिली और विभिन्न प्रकार के पाम मौजूद हैं। उद्यान का ग्रेट बरगद भी प्रमुख आकर्षण है, जिसकी विशाल छतरी करीब पांच एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है।

संकटग्रस्त पौधों के संरक्षण पर जोर

न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव ने स्थानिक एवं संकटग्रस्त पादप अनुभाग में पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह आयोजन ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ पहल के तहत किया गया। कार्यक्रम के जरिए दुर्लभ वनस्पतियों के संरक्षण, पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और सतत विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का संदेश

दौरे के दौरान उद्यान की जैव-विविधता और इसके पारिस्थितिक महत्व का जायजा लिया गया। एनजीटी के वरिष्ठ रजिस्ट्रार अधिकारी दीप्तो घोष, डिप्टी रजिस्ट्रार तनुश्री दत्ता और असिस्टेंट रजिस्ट्रार यश कुमार सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

पौधारोपण अभियान के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और टिकाऊ पर्यावरण तैयार करने की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in