

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जोड़ाबागान इलाके में जर्जर मकान की मंजिल गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत के बाद केएमसी की आयुक्त स्मिता पांडेय ने मीडिया से कहा कि दुर्घटनाग्रस्त मकान को पहले ही जर्जर घोषित कर नोटिस दी गई थी। इसके बावजूद मकान में रहने वाले लोगों ने वहां से अपना ठिकाना नहीं बदला। इसी बीच जर्जर हिस्सा गिरने से हादसा हो गया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। केएमसी आयुक्त ने कहा कि मकान के जर्जर हिस्से को जल्द तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में पुराने और जर्जर मकानों में रहना बेहद जोखिम भरा है। ऐसे मकानों में रहने वाले लोगों से उन्होंने सुरक्षित स्थान पर चले जाने की अपील की। आयुक्त ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महानगर में जर्जर मकानों को लेकर निगम की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। जर्जर मकानों के मालिकों को नोटिस भेजी जाएगी और जरूरत पड़ने पर खतरनाक हिस्सों को ढहाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मकान मालिकों और निवासियों से निगम की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि बारिश के दौरान इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। निगम का जोर फिलहाल जर्जर मकानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाने पर है। निगम की आयुक्त ने कहा कि बिल्डिंग विभाग की ओर से समस्त जर्जर मकानों को पुन: नोटिस भेजी जाएगी।