मणिपाल हॉस्पिटल्स और बिधाननगर पुलिस की संयुक्त पहल, पुलिसकर्मियों के फेफड़ों की हुई जांच

वायु प्रदूषण से होने वाली श्वसन संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, सीओपीडी की रोकथाम और समय पर इलाज पर दिया गया जोर
Kolkata
विशेष स्वास्थ्य शिविर
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : वायु प्रदूषण और वाहनों से निकलने वाले धुएं के कारण बढ़ते स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए मणिपाल हॉस्पिटल्स ने बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से पुलिसकर्मियों के लिए विशेष फेफड़ा स्वास्थ्य एवं वेलनेस शिविर आयोजित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) सहित विभिन्न श्वसन संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना और समय रहते बीमारी की पहचान सुनिश्चित करना था।

ड्यूटी के दौरान विशेषकर यातायात पुलिसकर्मियों को लंबे समय तक धूल, धुएं और वाहनों से निकलने वाले प्रदूषित तत्वों के बीच काम करना पड़ता है। इससे उनके फेफड़ों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त पुलिस आयुक्त देबर्षि दत्ता (आईपीएस) तथा मणिपाल हॉस्पिटल्स, मुकुंदपुर एवं ईएम बाईपास के क्लस्टर डायरेक्टर कोमल दशोरा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

पीएफटी समेत कई स्वास्थ्य जांच की सुविधा

शिविर में मणिपाल हॉस्पिटल्स की ईएम बाईपास और साल्ट लेक इकाइयों के पल्मोनोलॉजी विशेषज्ञों ने पुलिसकर्मियों को फेफड़ों की देखभाल, सीओपीडी के शुरुआती लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी), रैंडम ब्लड शुगर, रक्तचाप, लंबाई और वजन की जांच की गई। विशेषज्ञों ने लगातार खांसी, सांस फूलने, सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज आने और असामान्य थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।

नियमित जांच और निवारक देखभाल पर जोर

संयुक्त पुलिस आयुक्त देबर्षि दत्ता ने कहा कि यातायात पुलिसकर्मी लगातार प्रदूषण के संपर्क में रहते हैं। इसलिए धूम्रपान से दूरी, नियमित स्वास्थ्य जांच और किसी भी लगातार बने रहने वाले श्वसन लक्षण पर चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य बीमा को अद्यतन रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कोमल दशोरा ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं। उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता देना आवश्यक है। मणिपाल हॉस्पिटल्स भविष्य में कोलकाता और बिधाननगर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित करेगा।

साल्ट लेक क्लस्टर के पल्मोनोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. देबराज जाश और ईएम बाईपास के कंसल्टेंट डॉ. अर्नब बेरा ने भी प्रदूषण से फेफड़ों को होने वाले नुकसान और समय पर चिकित्सकीय जांच के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की रक्षा भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News