कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद शुक्रवार को बैठक करते हुए
कोलकाता सिटी
जलजमाव, ट्रैफिक और सुरक्षा पर पूजा आयोजकों ने मांगी मदद
प्रशासन का महालया तक काम पूरा करने का भरोसा
चतुर्थी से सड़कों पर उतरेगी पुलिस,
डीजे पर पूरी तरह रहेगा बैन
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
आगामी दुर्गापूजा के दौरान पंडालों के आसपास जलजमाव, बदहाल सड़कों, सुरक्षा और यातायात की चुनौतियों से निपटने के लिए पूजा आयोजकों ने पुलिस और नगर निगम से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। नजरुल मंच में कोलकाता पुलिस और पूजा समितियों के बीच आयोजित समन्वय बैठक में आयोजकों ने अपनी स्थानीय समस्याओं से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।बैठक के दौरान बेहला और कसबा की प्रमुख पूजा समितियों ने जलजमाव से निजात पाने के लिए नालों की सफाई और डी-सिल्टिंग की मांग रखी, ताकि पंडाल निर्माण का काम समय पर पूरा हो सके। इस पर नगर निगम के अधिकारियों ने लगातार हो रही बारिश को काम में देरी की वजह बताया, हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि महालया (10 अक्टूबर) तक सभी आवश्यक नागरिक कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।सुरक्षा और व्यवस्था के मामले में नतुन दल, चेतला अग्रणी और सुरुचि संघ जैसी प्रमुख समितियों ने रात 12 से 2 बजे के बजाय तड़के 3 से 4 बजे तक पुलिस बल की तैनाती बनाए रखने का अनुरोध किया। लालबाजार (कोलकाता पुलिस मुख्यालय) के सूत्रों के अनुसार, इस मांग पर विचार जारी है, लेकिन इस बार सप्तमी के अतिरिक्त आयोजनों के कारण बल की तैनाती एक बड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा, एलन पार्क पूजा समिति ने आपातकालीन हेल्पलाइन और अन्य आयोजकों ने त्वरित सहायता के लिए बोरो स्तर पर ''नोडल अधिकारी'' नियुक्त करने का सुझाव दिया।ट्रैफिक प्रबंधन पर बोलते हुए आयोजकों ने बुरोशिबतला-बेहला मार्ग पर सुचारु आवाजाही और देर रात उपद्रव करने वाले बाइक सवारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चतुर्थी से ही पूजा क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया जाएगा और अगले सोमवार से सुरक्षा बैरिकेडिंग, महिला सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण का अंतिम निरीक्षण शुरू होगा। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त अजय नंद ने आयोजकों को ध्वनि प्रदूषण के मानकों और डीजे पर लगे प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि चंदा वसूली के नाम पर जबरन वसूली की शिकायत मिलने पर प्रशासन बिना किसी ढिलाई के सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।

